IPL 2022: अगले मैच से दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल होंगे ये दो धाकड़ खिलाड़ी

दिल्ली कैपिटल्स ने फरवरी 2022 में आयोजित मेगा ऑक्शन के दौरान डेविड वॉर्नर को 6.25 करोड़ रुपए में खरीदा था।

IPL 2022: अगले मैच से दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल होंगे ये दो धाकड़ खिलाड़ी
Dehli Capitals. (Photo Source: Twitter/Delhi Capitals)
Dehli Capitals. (Photo Source: Twitter/Delhi Capitals)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपना तीसरा मैच 7 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेलेगी। दिल्ली कैपिटल्स को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 14 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं दूसरी तरफ LSG की टीम शानदार फॉर्म में है और तीन में से दो मैच जीतकर अंकतालिका में पांचवे स्थान पर है।

GT के खिलाफ हार के बाद दिल्ली की टीम टूर्नामेंट में वापसी करने की उम्मीद से मैदान में उतरेगी। वहीं LSG के खिलाफ मैच से पहले DC के सहायक कोच शेन वॉटसन ने इस बात की पुष्टि की है कि अनुभवी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और एनरिक नॉर्खिये चयन के लिए उपलब्ध होंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने फरवरी 2022 में आयोजित मेगा ऑक्शन के दौरान वॉर्नर को 6.25 करोड़ रुपए में खरीदा था जबकि एनरिक नॉर्खिये फ्रेंचाइजी द्वारा रिटेन किए गए खिलाड़ियों में से एक थे।

आपको बता दें, डेविड वॉर्नर पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा थे जो 5 अप्रैल को समाप्त हुई है, इस वजह से डेविड वॉर्नर देरी से टीम के साथ जुड़े हैं। वहीं एनरिक नॉर्खिये अपनी पीठ की चोट से जूझ रहे थे जिसके कारण वह शुरुआती दो मैचों में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हो सके।

“डेविड वॉर्नर क्वारंटाइन अवधि को पूरा कर चुके हैं”- शेन वॉटसन

शेन वॉटसन ने प्री-मैच वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “डेविड वॉर्नर अपना क्वारंटाइन पूरा कर चुके हैं और LSG के खिलाफ एक मैच के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा एनरिक नॉर्खिये भी भारत आने के बाद पिछले कुछ दिनों से अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और अब चयन के लिए उपलब्ध हैं।”

इसके अलावा शेन वॉटसन ने मिचेल मार्श को लेकर कहा कि, “मिचेल मार्श भी काफी अच्छी तरह से आगे बढ़ रहे हैं। चयन के लिए उपलब्ध होने से पहले उनका एक और ट्रेनिंग सेशन बचा है। वह काफी अच्छी तरह से चोट से उबर रहे हैं जो टीम के लिए एक अच्छी खबर है।”